मिल्लत टाइम्स,नई दिल्ली : मध्यप्रदेश में टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं द्वारा बगावत करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा की एक वरिष्ठ नेत्री ने शनिवार को पार्टी छोड़ दी है और कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इससे पहले शुक्रवार को ही एक महिला भाजपा विधायक ने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की सभा में भाजपा छोडक़र कांग्रेस की सदस्यता ली थी।
जानकारी के मुताबिक कटनी जिले के बहोरीबंद जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेत्री विद्या पटेल अपने एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस दौरान विद्या पटेल ने भाजपा पर आरोप भी लगाए। उन्होंने बहोरीबंद में शनिवार को कमलनाथ की जनसभा में कांग्रेस का दामन थामते हुए कहा कि भाजपा में बड़े नेताओं को दौलत और औरत चाहिए। अब पैसे वालों को तवज्जो दी जा रही है, इसीलिए उन्होंने पार्टी छोडऩे का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि जयसिंहनगर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रमिला सिंह ने शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की जनसभा में अपने समर्थकों के कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। वे टिकट नहीं मिलने से भाजपा से नाराज थीं। उनकी जगह भाजपा ने जयसिंहनगर से जयसिंह मरावी को टिकट दिया है, इसीलिए उन्होंने भाजपा छोड़ी और कांग्रेस का हाथ थामा। वहीं, शुक्रवार को ही भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और मंडीदीप नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष पूर्णिमा राजा जैन ने भी पार्टी छोडक़र कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी।
Support Independent Media
Click Here and Join the Membership of Millat Times to Support Independent Media.
Support Millat Times